गैर मुस्लिम के साथ घूम रही थी मुस्लिम लड़की... लोगो ने जमकर पीटा

मप्र में दो अलग-अलग समुदायों के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। एक युवती ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड पर जबरन धर्मांतरण और रेप का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के कुछ ही दिनों बाद मस्जिदों के सामने RSS और बजरंग दल के खिलाफ विवादित पर्चे बांटे गए। पर्चे पर 'भगवा लव ट्रैप' का जिक्र करते हुए RSS और बजरंग दल पर मुस्लिम लड़कियों को जाल में फंसाने का आरोप लगाया गया। इन दो घटनाओं के बाद शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने लगा। वीडियो में एक मुस्लिम युवती स्कूटी पर अपने एक दोस्त के साथ बैठी हुई है। दर्जनों की संख्या में लड़के उन दोनों को घेरे हुए हैं। गुस्साई भीड़ दोनों दोस्तों के एक साथ घूमने पर आपत्ति जता रही है। भीड़ ने लड़के के साथ मारपीट भी की। साथ ही दोनों को बचाने आए लोगों पर भी चाकू से हमला किया गया। 



दरअसल, वायरल हो रहा यह वीडियो गुरुवार रात का है। इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में एक मुस्लिम युवती अपने हिंदू दोस्त के साथ एक होटल में खाना खाने गई थी। दोनों एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई करते हैं। युवती और उसका दोस्त रात में खाना खाकर वापस लौट रहे थे। तभी मुस्लिम समाज के दर्जनों लड़कों ने उन्हें रोक लिया।

वायरल वीडियो में क्या?

वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पीले रंग की स्कूटी पर युवती और उसके दोस्त बैठे हैं। भीड़ ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है। युवती ने हिजाब पहन रखा है। एक लड़का युवती से पूछता है कि 'आप कहां से हैं? इस लड़के का क्या नाम है? इतने रात में क्या कर रही हैं?' तभी कुछ लोग युवक को पीटने लगते हैं। इस पर वहां मौजूद बाकी लड़के कहते हैं कि 'कोई नहीं मारेगा इसको। इसकी कोई गलती नहीं है।'

लड़की से पूछे कई सवाल

भीड़ में से एक लड़का युवती का वीडियो बनाते हुए पूछता है कि 'आप इसके साथ रात में क्यों घूम रही हैं? आपके घरवालों ने इसलिए आजाद करा है? अगर आपको खाना खाने जाना था तो ऑनलाइन ऑर्डर नहीं होते? आपको गैर-मुस्लिम के साथ जाकर खाना खाना है? आप हिजाब पहनी हैं लेकिन आप इस्लाम को नहीं मान रहीं। आप अच्छे से इसे समझें।' इसके बाद वहां मौजूद लड़के युवक के साथ मारपीट करने लगते हैं। हालांकि वीडियो में यह भी सुना जा सकता है कि कुछ लड़के मारपीट करने से मना भी कर रहे हैं।

बचाने गए लोगों पर हमला

वहीं यह मारपीट देख यश और हिमांशु नाम के दो राहगीर स्कूटी सवार दोनों दोस्तों को बचाने गए। यश के मुताबिक, गुरुवार की रात वह अपने दोस्त हिमांशु के साथ घर जा रहा था। उसने देखा कि सैकड़ों लोग स्कूटी सवार दोनों दोस्तों को घेरे हुए थे। यश और हिमांशु ने दोनों को बचाने का प्रयास किया। हंगामे के बाद यश अपने दोस्त के साथ घर जा रहा था, तभी उसपर शोएब नाम के युवक ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

सीएम ने लिया मामले का संज्ञान

सूबे के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने तुकोगंज वाली घटना को संज्ञान में लेते हुए तुरंत आरोपियों को पकड़े जाने की बात कही है। इंदौर का पूरा पुलिस महकमा आरोपियों को गिरफ्तार करने में जुट गया। दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं 7 आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात से ही पुलिस कर्मचारी आरोपियों को ढूंढने में लगे हुए हैं। मुस्लिम युवक आजाद नगर और ग्वालटोली थाना क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।  

0/Post a Comment/Comments