किसान त्रस्त और सरकार मदमस्त है : गोपाल भार्गव

 राजधानी भोपाल में किसान आक्रोश आंदोलन का नेतृत्व करते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रदेश में किसान अतिवृष्टि से परेशान है और मुआवजा राशि के लिए इंतजार कर रहा है। किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। लूट, खसोट और भ्रष्टाचार चारों ओर व्याप्त है। किसान त्रस्त है और सरकार मदमस्त है। सरकार किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विपरीत समय में सरकार को किसानों के साथ होना चाहिए लेकिन सरकार के मंत्री भ्रष्टाचार करने में लगे हुए हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी किसानों की आवाज बनकर कुंभकर्णी नींद में सोई सरकार को जगाने का काम करेगी। विधानसभा सत्र में हम मुखरता के साथ किसानों की आवाज उठायेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दमनकारी सरकार अगर जनता की सुध नहीं लेती है, तो भारतीय जनता पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। किसान परेशान न हो, आत्महत्या को मजबूर न हो,  इस बात की चिंता भारतीय जनता पार्टी को करनी है। उन्होंने कहा कि सरकार समय रहते नहीं जागी तो भारतीय जनता पार्टी आगे और भी बड़े आंदोलन करेगी। नेता प्रतिपक्ष श्री भार्गव किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ ट्रेक्टर पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां आंदोलन में शामिल किसानों जमकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं किसानों ने बढ़े हुए बिजली के बिल जलाकर कांग्रेस के कुशासन की होली जलाई। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, पूर्व मंत्री श्री विश्वास सारंग, प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, श्री विष्णु खत्री, जिलाध्यक्ष श्री विकास विरानी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री गोपाल मीणा, श्री सुरेन्द्रनाथ सिंह, श्री अंशुल तिवारी सहित वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।


0/Post a Comment/Comments